Haryana: मामूली कहासुनी में युवक की हत्या, गोली मार दो बच्चों के पिता को उतारा मौत के घाट; खेत पर हुई वारदात

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

32 वर्षीय युवक की खेत में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात को उसके साथ बैठकर शराब पी रहे उसके साथियों ने अंजाम दिया।
Haryana: मामूली कहासुनी में युवक की हत्या, गोली मार दो बच्चों के पिता को  उतारा मौत के घाट; खेत पर हुई वारदात

झज्जर जिले के तहत आने वाले थाना साल्हावास के क्षेत्र के गांव बहु में 32 वर्षीय युवक की खेत में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात को उसके साथ बैठकर शराब पी रहे उसके साथियों ने अंजाम दिया। मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। चरखी दादरी के गांव नौसवां निवासी तेजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका झज्जर जिले के गांव बहु की सीमा में एक खेत है।

वहां एक कमरा बना है और ट्यूबवेल लगा हुआ है। उसका बेटा योगेश अक्सर खेती के काम के सिलसिले में वहां रुकता था। तेजेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब 8 बजे योगेश खेत पर गया था। उनके ट्यूबवेल पर आवारा पशुओं की रखवाली करने वाले बहराणा निवासी राहुल और रोहतक के रिठाल निवासी कर्म रहते थे। वारदात के समय वहां रेवाड़ी के नया गांव निवासी संदीप, बहराणा निवासी शिवा और नौसवां निवासी पिन्नु भी मौजूद थे। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर योगेश की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के दो बच्चे हैं। 

मामूली कहासुनी की बात आई सामने
सूचना मिलने पर जब साल्हावास थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तो सभी आरोपी वहां से भाग चुके थे। पुलिस को योगेश का शव खून से लथपथ हालत में ट्यूबवेल के पास मिला। पुलिस टीम ने जब अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि शराब पीने के दौरान आरोपियों की योगेश के साथ मामूली कहासुनी हो गई थी। इसी बात से गुस्साए आरोपियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

रोहतक और रेवाड़ी में की जा रही छापेमारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, मगर उनकी गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो पाई है। इसके लिए सीआईए और साल्हावास थाना पुलिस की टीम चरखी दादरी, रोहतक और रेवाड़ी जिले में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई हैं, जो छापेमारी कर रही हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद ही युवक की हत्या की गई है। कहासुनी किस बात को लेकर हुई, इसकी अभी जांच की जा रही है। -सुरेंद्र सिंह, एसीपी

priya singh
Author: priya singh

सबसे ज्यादा पड़ गई