गांव गदाखेड़ा में करीब बीस वर्षीय एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। जिससे ग्रामीणों में खलबली मच गई। आनन-फानन में मौके पर ग्रामीणों की भीड जुट गई। वहीं, बेटी की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी रोते-बिलखते मौके पर पहुँच गए। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत से आक्रोशित मायके वालों ने सासनी कोतवाली में जमकर हंगामा काटा और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष कार्यवाही की गुहार लगाई।
प्राप्त विवरण के अनुसार मृतका रेनू की शादी करीब दो वर्ष पूर्व गांव गदाखेडा निवासी विक्की के साथ हुई थी। विक्की पेशे से किसान है और गाँव में ही रहकर परिवार का पालन-पोषण करता है। बताते है कि विवाहिता की अभी कोई संतान नहीं थी। शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों के चलते रेनू ने घर के भीतर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में खलबली मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मायका पक्ष के लोग गांव गदाखेडा पहुंच गये। उधर सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और फांसी के फंदे पर लटक रहे मृतका के शव को नीचे उतरवाया। उधर घटना के बाद मायका पक्षके लोग कोतवाली पहुंच गये और कोतवाली परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। प्रभारी निरीक्षक श्रीमती विपिन चैधरी ने पुलिस प्रशासन के सामने अपना कड़ा आक्रोश व्यक्त कर रहे मायका पक्ष के लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले में उचित विधिक कार्यवाही का भरोसा दिलाया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक विपिन चैधरी ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मामले में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



