आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में छह नकाबपोश बदमाश छत काटकर घर में घुसे और परिवार को बंधक बनाकर मारपीट की। बदमाश करीब 30 किलो से ज्यादा चांदी और फैक्ट्री का कीमती सामान लूटकर फरार हो गए, जिससे पुलिस गश्त पर सवाल उठे हैं।

आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए छत काटकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। छह नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर परिवार को बंधक बनाकर मारपीट की। करीब 30 किलो चांदी समेत फैक्ट्री का माल लूट ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। थाना पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रकाश नगर के नगला छीदामी निवासी रामदत्त एक चैन फैक्टरी से चांदी लाकर अपने परिवार व अन्य मजदूरों के साथ आभूषण तैयार करते हैं। शुक्रवार देर रात करीब दो बजे कुछ नकाबपोश बदमाश छत का लेंटर काटकर घर में घुस आए। खटपट की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जाग गए। बदमाशों ने तमंचा और पिस्टल के बल पर सभी को जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर मारपीट की और पूरे परिवार को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने मुख्य दरवाजा खोलकर अपने चार अन्य साथियों को भी अंदर बुला लिया।
बदमाशों ने घर में रखी करीब साढ़े 30 किलो चांदी और फैक्ट्री से जुड़ा कीमती सामान समेट लिया। वारदात के दौरान परिवार के लोग दहशत में रहे। बदमाश घटना को अंजाम देकर आराम से फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि सूचना देने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उल्टा सवाल-जवाब किए गए । उन्हें फटकार भी लगाई। इसके बाद जांच शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।




