अलीगढ़ में नियमों की धज्जियां: नंबर प्लेट बिना, ट्रिपल राइडिंग करते दिखे PAC जवान

Picture of Shikha Bhardwaj

Shikha Bhardwaj

SHARE:

Reported By : Shamim Iqbal

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ शहर में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली पुलिस खुद ही नियमों को ताक पर रखती नजर आई। सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला शहर के व्यस्त रेलवे रोड इलाके का बताया जा रहा है, जहां पीएसी (PAC) के तीन वर्दीधारी जवान एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर गुजरते दिखे।

हैरानी की बात यह रही कि जिस मोटरसाइकिल पर तीनों जवान सवार थे, उस पर नंबर प्लेट ही मौजूद नहीं थी। आम जनता के लिए जहां बिना नंबर प्लेट या बिना हेलमेट वाहन चलाने पर तुरंत चालान की कार्रवाई होती है, वहीं खाकी वर्दी में तैनात जवानों द्वारा खुलेआम नियमों की अनदेखी चर्चा का विषय बन गई है।

इतना ही नहीं, जवानों के पास भारी मात्रा में हथियार भी मौजूद थे। भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह ट्रिपल राइडिंग करते हुए हथियारों के साथ सफर करना किसी बड़े खतरे को दावत दे सकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी से आम लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि जब नियम लागू कराने वाली एजेंसियां ही नियमों का पालन नहीं करेंगी, तो आम जनता से क्या उम्मीद की जा सकती है? फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन तस्वीर ने व्यवस्था की साख पर जरूर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Shikha Bhardwaj
Author: Shikha Bhardwaj

सबसे ज्यादा पड़ गई