
गांव खिटौली में मंगलवार की रात एक किसान के खेत में अज्ञात कारणों से गेहूं की कटी हुई फसल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक किसान की करीब छह बीघा फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसान का सब कुछ स्वाहा हो चुका था।
बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार खिटौली निवासी किसान भोजराज पुत्र गणपत सिंह ने अपनी छह बीघा गेहूं की फसल काटकर खेत में ही इकट्ठा की थी। बताते हैं कि मंगलवार रात करीब साढे दस बजे अचानक फसल के ढेर से आग की लपटें उठने लगीं। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों ने फौरन डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पीआरवी 7908 और कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। साथ ही दमकल की गाड़ियां भी घटनास्थल पर बुलाई गईं। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया, लेकिन किसान की साल भर की मेहनत उसकी आंखों के सामने ही राख के ढेर में बदल गई। पीड़ित किसान का कहना है कि इस अग्निकांड से उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं प्रभारी निरीक्षक सासनी, अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। उधर राजस्व विभाग अफसरान भी मौका मुआयना पर पहुंचे और नुकसान का आंकलन कर अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को अग्रेसित की है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS
