
रोहतक के सुखपुरा चौक के नजदीक शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सीमेंट व सरिया व्यापारी प्रवीण सैनी को एक युवक गोली मारकर भाग गया। हमलावर ने तीन-चार फायर किए, हालांकि प्रवीण को एक गोली लगी है। उन्हें पीजीआई के ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया है।
लगातार दूसरे दिन वारदात, एक माह बाद फिर सक्रिय हुए अपराधी
फरवरी माह में लगातार व्यापारियों रंगदारी मांगने से लेकर हत्या की लगातार वारदात हुई। पोलंगी गांव में दो भाईयों की हत्या कर दी गई। खेड़ी साध के पूर्व प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की हत्या की गई। इसके अलावा रोहित गोदारा गैंग के नाम से कई व्यापारियों से विदेश से कॉल करके धमकी देकर रंगदारी मांगी गई। मार्च माह में कोई बड़ी वारदात नहीं हुई। अब अप्रैल माह का पहला सप्ताह तो शांत रहा, लेकिन भालौठ गांव में रंजिश के चलते जमानत पर आए युवक विकास उर्फ नारद की वीरवार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अब शनिवार को दिनदहाड़े सीमेंट व्यापारी पर फायरिंग से साफ है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं है।
नए पुलिस कप्तान गौरव राजपुरोहित के लिए चुनौती
प्रदेश सरकार ने एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया की जगह गुरुग्राम में डीसीपी रहे आईपीएस गौरव राजपुरोहित को रोहतक का नया एसपी लगाया है। उनके कार्यभार संभालने के एक सप्ताह के अंदर फायरिंग की यह दूसरी वारदात है।