पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व तथा पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ मयंक मिश्रा के दिशा-निर्देशन में नवजात बच्चा तस्करी गिरोह के खिलाफ चल रही जांच लगातार आगे बढ़ रही है। बहादुरगढ़ पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस मामले में सभी अपराध शाखा और थाना शहर बहादुरगढ़ की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अब जांच लगातार आगे बढ़ रही है।
गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों, फरार सरगना और इस नेटवर्क से जुड़े खरीदारों तक पहुंच बनाई जा सके। मामले की जांच के दौरान कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी है। पुलिस की टीम ने बताया देशभर के अलग-अलग स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ मयंक मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि नवजात बच्चों की तस्करी जैसे जघन्य अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। बहादुरगढ़ पुलिस इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार प्रयासरत है और आने वाले समय में और भी बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
