Azamgarh News: फर्जी अस्पतालों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कई ओटी सीज, नोटिस जारी

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

आजमगढ़ जिले में फर्जी अस्पतालों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। शनिवार को डीएम के निर्देश तथा मुख्य चिकित्साधिकारी के आदेश पर कई ऑपरेशन थिएटर को सीज किया गया। साथ ही संस्थानों को  नोटिस जारी किया गया।

Administration Takes Major Action Against Fake Hospitals Several OTs Sealed Notices Issued in azamgarh

आजमगढ़ जनपद में अवैध व फर्जी चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए तरवां और मेंहनगर क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। डीएम के निर्देश तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा के आदेश पर डिप्टी सीएमओ एवं नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिक में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। तरवां स्थित प्रिया हेल्थ केयर सेंटर में अयोग्य चिकित्सक द्वारा संचालन पाए जाने पर उसका ऑपरेशन थिएटर तत्काल सीज कर दिया गया। वहीं मेंहनगर के बीएन मेडिकल स्टोर में मेडिकल स्टोर की आड़ में नर्सिंग होम संचालित होते मिलने पर ओटी को सीज किया गया।

इसके अलावा मेंहनगर क्षेत्र के शांति हड्डी अस्पताल व न्यू लाइफ हड्डी अस्पताल में गंभीर खामियां मिलने पर पूरे संस्थान को सीज कर दिया गया। नित्या क्लिनिक में वार्ड एवं ओटी संचालन में कमियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया, जबकि विष्णु ऑर्थो केयर सेंटर में भ्रामक बोर्ड लगाकर इलाज किए जाने के मामले में संचालक को नोटिस दिया गया है। जी खान अस्पताल में निरीक्षण के दौरान चिकित्सक अनुपस्थित पाए जाने पर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। वहीं स्वामी हड्डी अस्पताल को आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न करने पर नोटिस जारी किया गया है।

कार्रवाई के दौरान जिन चिकित्सा केंद्रों पर मरीज भर्ती पाए गए, उन्हें तत्काल सरकारी अस्पतालों में शिफ्ट कराया गया, ताकि उनके इलाज में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बिना पंजीकरण और बिना योग्य चिकित्सक के चिकित्सा कार्य करने वालों के खिलाफ आगे भी निरंतर अभियान चलाया जाएगा और किसी भी दोषी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई