लगभग दो साल पहले शादी के बाद पति ने पत्नी को कनाडा भेज दिया। लेकिन पत्नी ने पति का साथ देने के बजाय उसे धोखा दिया और यहां तक की तलाक की बात कह दी। इससे आहत पति ने जान दे दी। घटना पंजाब के होशियारपुर के गढ़शंकर की है।

पत्नी को स्टडी वीजा पर कनाडा भेजने के बाद दो साल बाद उसकी ओर से फोन पर तलाक देने की बात से आहत होकर पति ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी, सास, साले सहित चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। मृतक की पहचान गांव गद्दीवाल निवासी अमरजीत सिंह (25) के रूप में हुई है, जिसने 27 मार्च की शाम घर पर कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी।
पिता किशन सिंह के अनुसार, अमरजीत की शादी 21 जनवरी 2024 को हिमाचल के गांव गोंदपुर जयचंद निवासी कुलविंदर कौर से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि अमरजीत ने करीब 15 लाख रुपये खर्च कर पत्नी को स्टडी वीजा पर कनाडा भेजा और जून से दिसंबर 2024 तक हर महीने करीब एक लाख रुपये फीस के लिए भेजता रहा।
कुलविंदर कौर एक फरवरी को बेटी के साथ भारत आई, लेकिन 22 फरवरी को बच्ची को अमरजीत के पास छोड़कर वापस कनाडा चली गई। परिजनों के अनुसार, अमरजीत को दुबई जाकर काम करने के लिए भी कहा गया। आरोप है कि दुबई जाने के बाद पत्नी ने फोन पर अमरजीत से तलाक लेने की बात कही, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और भारत लौट आया।
27 मार्च को शाम के समय उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता के बयान पर पुलिस ने पत्नी कुलविंदर कौर (कनाडा निवासी), सास कुलजीत कौर, साले लखविंदर सिंह और एक अन्य व्यक्ति सुरिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
