एसबीआई बैंक के बाहर गोली चलने की सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय लोगों और बैंक मैनेजर से पूछताछ के बाद गेट खोलवाने का प्रयास किया गया। खबर लिखे जाने तक आरोपी युवक बैंक के अंदर भी था।

कोतवाली थाना क्षेत्र के मच्छोदरी स्थित श्याम बाजार में बृहस्पतिवार देर रात एसबीआई बैंक के बाहर कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में बैंक गार्ड के बेटे ने फायरिंग कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
सिकरौल निवासी अतुल कुमार मौर्य, जो एड फिल्म निर्माण का कार्य करते हैं, बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे श्याम बाजार स्थित बृजेश अग्रवाल के खाली मकान में साड़ी का विज्ञापन शूट कर रहे थे। शूटिंग समाप्त होने के बाद जब वह नीचे उतरे, तो बैंक के अंदर से निकले युवक ने कार खड़ी करने को लेकर उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी।
फायरिंग के बाद बैंक के गार्ड गोरखनाथ यादव का बेटा मोनू बैंक के अंदर चला गया और चैनल गेट बंद कर खुद को अंदर बंद कर लिया। सूचना पर कोतवाली इंस्पेक्टर दया शंकर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन देर रात तक आरोपी बैंक के अंदर ही बंद रहा। रात करीब 12:10 बजे तक पुलिस, बैंक मैनेजर और पीड़ित युवक मौके पर मौजूद थें।
पिता की जगह अक्सर राइफल लेकर मोनू आता है ड्यूटी
घटना के बाद एसबीआई श्याम बाजार शाखा के मैनेजर वैभव श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। पुविस की पूछताछ के दौरान पहले तो उन्होंने गार्ड के बेटे के ड्यूटी करने की जानकारी से अनभिज्ञता जताई, लेकिन बाद में बताया कि बैंक गार्ड गोरखनाथ यादव किसी काम से गाजीपुर गए थे, जिसके कारण उनका बेटा मोनू यादव ड्यूटी पर मौजूद था।
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि गोरखनाथ यादव की अनुपस्थिति में अक्सर उनका बेटा मोनू राइफल के साथ बैंक में ड्यूटी करता था। पिता पुत्र बैंक के पास किराये के मान में रहते हैं। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोग बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यशैली पर चर्चा कर रहे हैं।