एलपीजी की कमी पर कटाक्ष का तड़का: सोशल मीडिया पर सिलिंडर बना हीरो, लोग जमकर बना रहे रील

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

इन दिनों सोशल मीडिया पर गैस सिलिंडर की कमी को लेकर लोग जमकर रील बना रहे हैं। अपने विवादित बोल से चर्चा में आए रैपर बादशाह का किस्सा भी परेशानी के इस दौर में हंसी की फुहार बिखेर रहा है।
एलपीजी की कमी पर कटाक्ष का तड़का:सोशल मीडिया पर सिलिंडर बना हीरो, लोग जमकर  बना रहे रील - Reels Are Being Made On Social Media Regarding Lpg Cylinders  - Amar Ujala Hindi
टटीरी गाने में आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग से गुस्से से उबल रही सोशल मीडिया के लिए गैस सिलिंडरों की किल्लत ठंडी हवा का झोंका लाई है। डीडीएलजे, कभी खुशी कभी गम, गदर, बॉर्डर,  जिद्दी, जुदाई, जोधा अकबर, विजयपथ, दीवार और कारवां जैसी फिल्मों के गानों-संवादों से हंसी और परेशानी बयां की जा रही हैं। सिंलिडर खत्म होने पर मातम का माहौल दर्शाकर व्यथा के दौर को कटाक्ष का तड़का लगाकर पेश किया जा रहा है।

कोई प्रेस पर रोटी सेंक रहा है तो कहीं ब्रीफकेस उठाकर महिलाएं मायके की राह पकड़ रही हैं। कंधों पर सिलिंडर लेकर पहुंच रहे घर के सदस्य या डिलीवरी बॉय के स्वागत में  बैंड-बाजा और ढोल बज रहे हैं। फूल बरस रहे हैं। तिलक लगाया जा रहा है। आरती की जा रही है। ऐसे माहौल में लगभग भूला दिए गए उपलों को अनमोल धरोहर के रूप में पेश किया जा रहा है। एक रील में तो उपले बेच रही महिला गैस एजेंसी संचालक को हड़काते हुए खुले पैसे लेकर आने और केवाईसी कराने के लिए कह रही है।

सुनो, सुनो, सुनो…दहेज में पांच सिलिंडर दिए जाएंगे
एक युवक रिक्शा पर सिलिंडर लादकर लाउड स्पीकर पर यह कहते हुए आगे बढ़ रहा है कि सुनो, सुनो, सुनो…जो भी मेरी बहन से शादी करेगा उसको दहेज में पांच सिलिंडर दिए जाएंगे। एक अन्य रील में दूल्हा शादी के बाद दुल्हन को साथ ले जाने से मना करता है। परिजन कहते हैं- दामाद जी, सब तो दे दिया आपको। पांच लाख रुपये, सोने की अंगूठी, सोने की चेन और स्पलेंडर। दूल्हा बना युवक तपाक से कहता है- स्पलेंडर नहीं सिलिंडर चाहिए। एक और रील में सिलिंडर पर बैठा युवक कह रहा है- भरो सिलिंडर पड़ो है आपणै घरा। रिश्ता आला की लाइन लाग री है।
इतरा रहीं समीरा…मार लिया मैदान
कॉमेडी फिल्म दे दनादन की अभिनेत्री समीरा रेड्डी भी अपनी रील से सिलिंडर किल्लत से बनी स्थिति में हास्य भाव का समावेश कर लोगों को गुदगुदा रही हैं। ताज धारण किए सिलिंडर के साथ समीरा घर में प्रवेश करती हैं। इस पर नोटों की गड्डी वारी जाती है। चाय का कप परोसा जाता है। फूलों से अभिवादन करती नजर आ रही हैं। सेल्फी ले रहीं अभिनेत्री इस कदर इतरा रही हैं जैसे सिलिंडर पाकर बड़ा मैदान पर लिया हो।

लोग दीया लेकर ढूंढ रहे गोसे…
एक महिला उपले बनाते हुए कटाक्ष कर रही है। मोदी तन्ने एक काम तो बढ़िया करो। बहुत खुश हूं। मेरो तो दिल गार्डन-गार्डन होगो। मैं तो कहूं यो सिलिंडर तू 5 हजार को कर दे। बेरो लाग ज्या। जो ये इतरावै है ना आज कल की, हम न तो कदे चूल्हो ना देखो। हम ना कदे चूल्हो चलायो ना। एक अन्य रील में महिला तंज कस रही है, 12 साल में कुरड़ी के दिन भी फिर ज्यां, या कहावत आज सच होगी। सिलिंडर खत्म होते ही लोग दीया लेकर ढूंढ रहे गोसे (उपले) ।

बादशाह का सिलिंडर हो गया गायब…
अपने विवादित बोल से चर्चा में आए रैपर बादशाह का किस्सा भी परेशानी के इस दौर में हंसी की फुहार बिखेर रहा है। एक रील में बादशाह  नाम का युवक बाइक पर सिलिंडर लेकर जाता दिखाया गया है। युवक कहता है- सरपंच साहब राम राम। अभिवादन करते हुए सरपंच उक्त युवक से सिलिंडर कितने में लाने की बात पूछते हैं। जबाव मिलता है-यो पड़ग्या ब्लेक म्ह (कालाबाजारी से) 2070 का। बातचीत के दौरान सरपंच उक्त युवक पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कटाक्ष करता है। इस बीच बाइक पर रखे सिलिंडर की जगह उपलों से भरा कट्टा नजर आता है। युवक ताकता रह जाता है।

priya singh
Author: priya singh

सबसे ज्यादा पड़ गई