बरेली में सोमवार के बाद मंगलवार को भी शहर के कई पेट्रोल पंपों पर लोगों की कतार लगी। बताया जा रहा है कि अफवाह के चलते फ्यूल पंपों पर वाहनों में पेट्रोल भरवाने वालों की भीड़ बढ़ी है। हालांकि अफसरों का कहना है कि जिले में पेट्रोल डीजल की कोई कमी नहीं है।

बरेली जिले में एलपीजी संकट के बीच पेट्रोल की किल्लत की अफवाह उड़ने पर मंगलवार को शहर के पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ लग गई। पंप के कर्मचारियों ने बताया कि जो लोग पहले 4-5 लीटर पेट्रोल पड़वाते थे, वह अब टंकी फुल करने के लिए कह रहे हैं। इसी के चलते तेल डालने में अधिक समय लग रहा है और लोगों की लंबी लाइन लग रही है। हालांकि अफसरों का दावा है कि जिले में पेट्रोल की कमी नहीं है। भरपूर मात्रा में जिले में पेट्रोल आ रहा है। शहर के प्रभा टॉकिज के सामने लंबी लाइन लगी रही। इसी तरह सिविल लाइन स्थित एचपी के पेट्रोल पंप बैरिकेडिंग कर दी गई।
सोमवार को उड़ी थी यह अफवाह
इससे पूर्व सोमवार को शहर के दो पेट्रोल पंप बंद होने पर पेट्रोल आपूर्ति ठप होने का हल्ला मच गया था। सोशल मीडिया पर संदेश वायरल होने पर कई लोग पंप पर पहुंचने लगे थे। वेंडरों ने संदेश को फर्जी बताकर लोगों को पेट्रोल-डीजल भरपूर होने की जानकारी दी। मिनी बाइपास स्थित पंप पर पेट्रोल-डीजल खत्म होने की सूचना पर जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह निरीक्षण करने पहुंचे थे।
भड़सर में भी पंप पर लगी कतार
हाफिजगंज के भड़सर में डीजल-पेट्रोल की कीमतें बढ़ने की अफवाह फैली। इससे पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी लाइन लग गई। कई दिनों से अफवाह फैल रही है कि अमेरिका ईरान युद्ध के चलते पेट्रोल डीजल की कीमतें बढ़ सकती हैं, जिसके चलते मंगलवार को पंपों पर लोगों की भीड़ देखी गई। उधर पंप मालिकों ने बताया कि यह केवल अफवाह है। पेट्रोल डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है और ना ही पेट्रोल डीजल की कमी है।
