नवरात्र 19 मार्च से शुरू हो रहे हैं, वहीं ईद 20 या 21 मार्च को मनाई जाएगी। इस दौरान मेरठ, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर में 96 शोभायात्रा और 35 मेलों का आयोजन होगा। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।
रमजान के दौरान 19 मार्च को चैत्र नवरात्र शुरू होंगे। नवरात्र के दौरान ही ईद मनाई जाएगी। मेरठ रेंज के चारों जनपद मेरठ, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर में 96 शोभायात्रा और 35 मेलों का आयोजन होगा। इसके चलते रेंज को 23 जोन और 79 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा का खाका तैयार कर दिया गया है। 100 हॉटस्पॉट (संवेदनशील स्थान) चिह्नित किए गए हैं। 26 क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) का गठन किया गया है। ये किसी भी घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करेंगी।
डीआईजी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर रेंज में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने धर्मगुरुओं और लोगों के साथ 122 गोष्ठियां की हैं। इसके अलावा नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत आदि के साथ 108 गोष्ठियां की गईं हैं। शोभायात्रा व मेले के आयोजकों और संयोजकों के साथ भी 111 बैठकें आयोजित की गई हैं। रमजान माह के दौरान नवरात्र प्रारंभ होने से मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। जहां नवरात्र और ईद के कार्यक्रम एक साथ होंगे। वहां आयोजकों से वार्ता कर योजना बनाई गई है।
डीआईजी ने बताया कि मनचलों पर कार्रवाई के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड गश्त के निर्देश दिए गए हैं। असामाजिक तत्वों और कट्टरपंथियों पर पुलिस की नजर रहेगी। शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खुफिया विभाग अलर्ट हो गया है। अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया की कड़ी निगरानी की जाएगी। सभी थाना क्षेत्रों में समस्याग्रस्त स्थान चिह्नित कर उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी स्वयं मौके पर जाकर समाधान करेंगे।
जुलूसों और शोभायात्राओं के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो इसके लिए यातायात प्लान तैयार किया जा रहा है। आयोजकों से सीसीटीवी कैमरे लगाने और वीडियोग्राफी कराने को कहा गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए मंदिरों में बैरिकेडिंग होगी। मांस और शराब की दुकानों को बंद रखने के संबंध में जिलाधिकारी से विचार-विमर्श होगा। अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पिकेट और गश्त की व्यवस्था की जाएगी।
रेंज में सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। छह अपर पुलिस अधीक्षक, 22 क्षेत्राधिकारी, 86 निरीक्षक और 631 उप निरीक्षक शामिल हैं। साथ ही 1115 मुख्य आरक्षी, 1265 आरक्षी और 705 होमगार्ड व पीआरडी जवान की ड्यूटी लगाई गई है। तीन कंपनी पीएसी भी तैनात रहेंगी।