पंजाब में गैस किल्लत: होशियारपुर में कमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई बंद, सीएम के आदेश-कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

सीएम भगवंत मान ने सभी डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश दिए हैं कि पंजाब में कहीं भी एलपीजी गैस की कमी नहीं होगी। सिलेंडर जमा करने या ब्लैक में बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Punjab Government on alert over potential gas shortage meeting with oil companies

पश्चिमी एशिया में बने युद्ध जैसे हालात के बीच पंजाब में रसोई गैस की संभावित किल्लत को लेकर सरकार सतर्क हो गई है। कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भीड़ लगने की खबरों के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक से हालात की रिपोर्ट ली है।

बुधवार को मंत्री कटारूचक ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि तेल कंपनियों ने फिलहाल किसी तरह की कमी से इनकार किया है। मंत्री ने लोगों से अफवाहों पर भरोसा न करने और सिलिंडर या पेट्रोलियम उत्पादों का अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की है। मंत्री ने विधानसभा में बताया कि आने वाले दिनों में पंजाब में करीब 10 हजार शादियां होने वाली हैं, ऐसे में लोगों को गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता हो रही है।

नंगल और बठिंडा प्लांट की सप्लाई प्रभावित

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हरियाणा के पानीपत प्लांट को 100 प्रतिशत सिलिंडर आपूर्ति दे रही है, जबकि पंजाब के नंगल और बठिंडा स्थित प्लांटों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि यहां लगभग न के बराबर आपूर्ति हो रही है, जिससे आगे स्थिति बिगड़ सकती है।

कालाबाजारी पर सख्ती के आदेश

सरकार ने गैस या तेल की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी जिलों के डीसी और डीएफएससी को फील्ड में टीमें उतारकर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार केंद्र को पत्र लिखकर देश और पंजाब में गैस सिलिंडरों की उपलब्धता की स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह भी करेगी।

होशियारपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद

होशियारपुर में एलपीजी गैस की सप्लाई में आई भारी बाधा के कारण उपभोक्ताओं और कारोबारियों में चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद कर दी गई है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई भी पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा लगभग आधी कर दी गई है।

एक स्थानीय एलपीजी डीलर ने बताया कि स्थिति को बुकिंग सिस्टम में आ रही तकनीकी दिक्कतों ने और गंभीर बना दिया है। उपभोक्ताओं को आईवीआरएस, मिस्ड कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से गैस बुकिंग करने में परेशानी आ रही है, जिससे लोगों में घबराहट का माहौल बन गया है।
हालांकि डीलर के अनुसार यूपीआई ऐप के माध्यम से बुकिंग और भुगतान सामान्य रूप से काम कर रहे हैं, इसलिए उपभोक्ताओं को इन डिजिटल माध्यमों से बुकिंग करने की सलाह दी जा रही है।

इस समस्या का सबसे अधिक असर होटल, कैटरिंग और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर पड़ा है, क्योंकि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह ठप है। होटल शिराज रीजेंसी के मालिक श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि गैस सिलेंडर न मिलने के कारण होटल और कैटरिंग कारोबारियों को मजबूरन खाना बनाने के लिए डीजल भट्ठियों का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि पानी गर्म करने के लिए इलेक्ट्रिक गीजर का उपयोग किया जा रहा है।

Farheen
Author: Farheen

सबसे ज्यादा पड़ गई