वेब सीरीज के लिए शहर के रेलवे स्टेशन के अलावा रेलवे लाइन पर भी शूटिंग हुई। शुक्रवार को झज्जर पहुंचे कलाकार दो दिनों की शूटिंग के बाद रविवार शाम दिल्ली रवाना हो गए।

झज्जर शहर के रेलवे स्टेशन से पुष्पक विमान नाम की वेब सीरीज की शुरुआत की गई है। रेलवे स्टेशन पर दो दिनों तक इस वेब सीरीज की शूटिंग हुई। रोहतक जिले के गांव खरकड़ा निवासी जयदीप अहलावत इसमें मुख्य किरदार में हैं।
वेब सीरीज के लिए शहर के रेलवे स्टेशन के अलावा रेलवे लाइन पर भी शूटिंग हुई। शुक्रवार को झज्जर पहुंचे कलाकार दो दिनों की शूटिंग के बाद रविवार शाम दिल्ली रवाना हो गए। कलाकार जयदीप ने बताया कि झज्जर से इस वेब सीरीज के शूटिंग की शुरुआत की गई है।
लोगों ने लिए फोटो
रविवार शाम को शूटिंग के बाद जयदीप अहलावत झज्जर के रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। इस दौरान वहां पर पहुंचे लोगों ने उनके साथ फोटो लिए। अहलावत के साथ फोटो खिंचवाने के लिए लोग उत्सुक नजर आए।
पहले भी झज्जर में हो चुकी है शूटिंग
झज्जर जिले में पहले भी वर्ष 2019 में एक फिल्म छलांग की शूटिंग हो चुकी है, जिसमें राजकुमार राव ने मुख्य किरदार निभाया है। इसके अलावा मंगल पांडे की शूटिंग भी झज्जर जिले में की गई है। इन फिल्मों की शूटिंग जिले के अलग-अलग हिस्सों में हुई थी। मंगल पांडे फिल्म में आमिर खान ने मुख्य किरदार निभाया था।