आग लगने से कार में सवार महिला सिपाही लता सिंह व उसके दो साल के बेटे की जलकर मौत हो गई,जबकि कार में सवार एक अन्य झुलस गया।

नैनीताल से घूमकर आ रहे कार सवार परिवार को डंपर ने टक्कर मार दी,जिससे कार में आग लग गई। आग लगने से कार में सवार महिला सिपाही लता सिंह व उसके दो साल के बेटे की जलकर मौत हो गई,जबकि कार में सवार एक अन्य झुलस गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने आग में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला।
बताते हैं कि काशीपुर गांव के पास जब उनकी कार पहुंची तो सामने से आ रहे डंपर ने कार को साइड से टक्कर मार दी,जिससे स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। आग की लपटों से घिरने के बाद कार में सवार लोग किसी तरह कार से कूद गए। लेकिन कार में दो साल के बालक लट्टू कार में ही रह गया। इसके साथ ही उसकी मां लता भी कार में लगी आग की चपेट में आकर झुलस गई। आग की लपटों को देख आसपास के लोग भी मौके पर आ गए। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाने की कोशिश की,लेकिन आग काफी भयंकर रूप ले चुकी थी।
इस बीच घटना की जानकारी मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह, गंज थाना प्रभारी पवन शर्मा मौके पर पहुंच गए। इस बीच फायर बिग्रेड भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने झुलसे हुए लोगों लता व बरेली निवासी रवि को एक निजी अस्पताल भेजा,जहां से लता की हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने कार से बालक का शव नि काला और फिर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाद में बरेली ले जाते समय लता की भी मौत हो गई।
इस बीच फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना के बाद काशीपुर गांव के सामने काफी देर तक जाम लगा रहा। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर और चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक दान सिंह किराए पर गाड़ियां चलवाने का कार्य करते हैं। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पेट्रोल हुआ खत्म तो सीएनजी पर चल रही थी कार
हादसे के बाद झुलसे रवि ने बताया कि लौटते वक्त काशीपुर गांव से पहले कार में पैट्रोल खत्म हो गया था। पेट्रोल खत्म होने के बाद कार को सीएनजी पर ले लिया। इस बीच सामने से आते डंपर ने कार में साइड से टक्कर मारी,जिससे कार के पेट्रोल टैंक में आग लग गई। हादसे के बाद डंपर चालक डंपर समेत फरार हो गया।
दो सप्ताह पहले ही खरीदी थी स्विफ्ट कार
हादसे में झुलसे दान सिंह के बरेली के जमालपुर गांव निवासी चाचा रवि ठाकुर ने बताया कि दान सिंह ने दो सप्ताह पहले ही नई कार खरीदी थी। इसी नई कार से ही वह प रिवार समेत घूमने गए थे।
कूदने के बाद आई बालक की याद
कार में आग लगते ही कार में सवार तीन लोग किसी तरह कूद गए,लेकिन जब तीनों को बच्चे की याद आई तो पता चला कि बालक कार में ही फंसा था,जिसके बाद चीखपुकार मचनी शुरू हो गई। नजदीक के पेट्रोल पंप से अग्निश्मन यंत्र के जरिए आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। इस बीच पुलिस ने अपने संसाधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन तब तक बालक बुरी तरह झुलस चुका था और उसकी मौत हो चुकी थी।
चार साल पहले हुए हादसे में जा चुकी पहली पत्नी की जान
दान सिंह के साथ चार साल पहले भी सड़क हादसा हुआ था। बताते हैं कि बाइक से हुए हादसे में इसकी पहली पत्नी की मौत हो गई थी।
लता सिंह निकली महिला सिपाही
पुलिस की जांच के बाद एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से झुलसी लता सिंह कौशांबी जिले में महिला सिपाही के पद पर तैनात है। वह इस वक्त अपने गांव आई हुई थी। परिवार के साथ वह घूमने आई थी।