मैं नापता हूं तुम्हारा बीपी: निरीक्षण के दौरान हेल्थ डायरेक्टर ने जताई नाराजगी, X-रे पर्चों में अधूरी जानकारी

Picture of PRIYA NEWSINDIA

PRIYA NEWSINDIA

SHARE:

एक्स-रे कक्ष में पहुंचे डायरेक्टर ने मरीजों से पर्चे लेकर जांच की। उन्होंने पाया कि कई पर्चों पर एक्स-रे के स्पष्ट कारण दर्ज नहीं थे। उन्होंने संबंधित चिकित्सक से पूछा कि बिना स्पष्ट विवरण के जांच क्यों लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्चे पर पूरी जानकारी दर्ज होना अनिवार्य है।
During inspection in Karnal Health Director expressed displeasure over incomplete information in X-ray slips

नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने पहुंचे हेल्थ डायरेक्टर डॉ. वीरेंद्र यादव का निरीक्षण शुक्रवार को अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए चेतावनी साबित हुआ। व्यवस्थाओं में कई खामियां मिलने पर उन्होंने मौके पर ही जिम्मेदार अधिकारियों की क्लास लगा दी।

निरीक्षण के दौरान एक ऐसा दृश्य भी देखने को मिला, जब ब्लड प्रेशर चेक करवाने के लिए डेढ़ घंटे से इंतजार कर रही महिला से डायरेक्टर ने खुद कहा, आओ, मैं नापता हूं तुम्हारा बीपी और मशीन संभाल ली। निरीक्षण के दौरान सार्थक टीम ने भी सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ओपीडी, एक्स-रे विभाग, दंत चिकित्सा कक्ष और ब्लड बैंक में कमियों पर डायरेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया।

डेढ़ घंटे इंतजार पर जताई नाराजगी
ओपीडी में निरीक्षण के दौरान डायरेक्टर की नजर एक महिला पर पड़ी, जो काफी समय से ब्लड प्रेशर जांच के लिए बैठी थी। पूछताछ में पता चला कि वह करीब डेढ़ घंटे से इंतजार कर रही है। इस पर डायरेक्टर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मरीजों को बुनियादी जांच के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़े, यह स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने तुरंत स्टाफ को बुलाकर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए और स्वयं महिला का बीपी चेक किया।

एक्स-रे पर्चों में अधूरी जानकारी
एक्स-रे कक्ष में पहुंचे डायरेक्टर ने मरीजों से पर्चे लेकर जांच की। उन्होंने पाया कि कई पर्चों पर एक्स-रे के स्पष्ट कारण दर्ज नहीं थे। उन्होंने संबंधित चिकित्सक से पूछा कि बिना स्पष्ट विवरण के जांच क्यों लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्चे पर पूरी जानकारी दर्ज होना अनिवार्य है, ताकि मरीज को अनावश्यक जांच से बचाया जा सके और रिकॉर्ड भी स्पष्ट रहे।

दंत ओपीडी और इंप्लांट सुविधा पर सवाल
दंत चिकित्सा विभाग में भी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। यहां इंप्लांट की सुविधा उपलब्ध न होने पर डायरेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिला स्तर के अस्पताल में आधुनिक दंत उपचार की सुविधा होनी चाहिए, ताकि मरीजों को निजी अस्पतालों की ओर रुख न करना पड़े। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव और संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

ब्लड बैंक में स्टॉक बोर्ड नदारद
ब्लड बैंक के निरीक्षण के दौरान डायरेक्टर ने पाया कि रक्त स्टॉक की जानकारी दर्शाने वाला डिस्प्ले बोर्ड नहीं लगा है। इस पर उन्होंने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि पारदर्शिता के लिए स्टॉक बोर्ड अनिवार्य है। मरीजों और परिजनों को यह जानकारी तुरंत उपलब्ध होनी चाहिए कि किस ग्रुप का कितना रक्त उपलब्ध है।

निरीक्षण के अंत में डायरेक्टर ने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने और मरीजों को बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अस्पताल प्रशासन ने भी कमियों को जल्द दूर करने का भरोसा दिलाया। 

PRIYA NEWSINDIA
Author: PRIYA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई