Ludhiana: मार्निंग वाॅक पर निकले जवान को बेकाबू ट्रक ने कुचला, जज की सुरक्षा में तैनात थे तरसेम सिंह

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

तरसेम सिंह रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पुलिस क्वार्टर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जब वह गर्ल्स कॉलेज के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

Ludhiana: Driver charred to death as truck overturns, catches fire |  Hindustan Times

लुधियाना में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में पंजाब पुलिस के जवान की मौत हो गई।

मॉर्निंग वॉक पर निकले जवान को एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। ट्रक के टायर की चपेट में आने से पुलिसकर्मी का सिर बुरी तरह कुचल गया और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय तरसेम सिंह के रूप में हुई है, जो लुधियाना कोर्ट परिसर में तैनात एक न्यायधीश की सुरक्षा में तैनात थे। वारदात के बाद आरोपी चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, तरसेम सिंह रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पुलिस क्वार्टर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जब वह गर्ल्स कॉलेज के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि तरसेम सिंह सड़क पर मुंह के बल गिरे और ट्रक उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। हादसे में उनके शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों टांगें भी टूट गईं।

राहगीरों की सूचना पर थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वारदात को अंजाम देकर फरार हुए ट्रक चालक का सुराग लगाने के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही ट्रक के नंबर और आरोपी चालक की पहचान कर ली जाएगी। शहर के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर भी नाकेबंदी कर अलर्ट जारी किया गया है। जवान की अचानक मौत से पुलिस विभाग और उनके परिवार में शोक की लहर है। 

नाके पर पुलिसकर्मी को बाइक से मारी टक्कर, दो आरोपी गिरफ्तार

पॉश इलाके मॉडल टाउन में वीरवार को हरकृष्ण पब्लिक स्कूल डी-ब्लॉक के पास नाकेबंदी के दौरान दो बाइक सवार युवकों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर पल्सर मोटरसाइकिल चढ़ा दी। इस टक्कर में पुलिस मुलाजिम अंबा दत्त गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

शिकायतकर्ता अंबा दत्त ने बताया कि 12 फरवरी को वह अपने साथी कर्मचारियों के साथ गोल चौक मॉडल टाउन के पास ट्रैफिक पुलिस द्वारा स्पेशल नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। संदिग्ध लगने पर जब पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो चालक ने बाइक धीमी करने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और लापरवाही से बाइक सीधे ड्यूटी पर तैनात अंबा दत्त को मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिसकर्मी सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Farheen
Author: Farheen

सबसे ज्यादा पड़ गई