दिनेश काम से लौटकर हाईवे पार कर रहा था, तभी पठानकोट की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार उसे टक्कर मारते हुए फरार हो गई। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची।

पठानकोट नेशनल हाईवे पर गांव बल्लां के समीप बुधवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दिनेश कुमार पुत्र लालू निवासी बिहार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में किशनगढ़ के एक पीजी में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि दिनेश काम से लौटकर हाईवे पार कर रहा था, तभी पठानकोट की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार उसे टक्कर मारते हुए फरार हो गई। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। एएसआई रणजीत सिंह ने टीम सहित शव की पहचान कर परिजनों को सूचित किया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंच गए।
अबोहर में रेलगाड़ी से गिरकर अज्ञात व्यक्ति की मौत
अबोहर के बहावलवासी और बल्लूआना के मध्य आज सुबह रेलवे लाइनों के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की आयु करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि बीती रात किसी चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसकी मौत हुई है। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस अबोहर मौके पर पहुंची और नर सेवा नारायण सेवा समिति के सहयोग से शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
रेलवे पुलिस के बलदेव सिंह ने बताया कि सुबह स्टेशन मास्टर द्वारा सूचना दी गई थी कि बहावलवासी के पास रेलवे लाइनों के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही वे हवलदार सुखविंदर सिंह और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद गैंगमैन से पूछताछ की। गैंगमैन ने बताया कि ड्यूटी के दौरान रेलवे ट्रैक पर गश्त करते समय उसने व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद उसने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचित किया।
सूचना मिलते ही नर सेवा नारायण सेवा समिति के बिट्टू नरुला अपने साथियों सहित मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम और पहचान की कार्रवाई के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।