Rohtak: हरियाणा में पूर्व विधायक से मांगी रंगदारी, रोहित गोदारा गैंग ने दी जान से मारने की धमकी

Picture of PRIYA NEWSINDIA

PRIYA NEWSINDIA

SHARE:

पूर्व विधायक ने बताया कि उन्हें व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर से धमकी भरा फोन आया है। आरोपी ने दो दिन में पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है।
Extortion demanded from former MLA in Haryana
शिक्षक व व्यापारी के बाद अब रोहतक में पूर्व विधायक बलराज कुंडू को मंगलवार शाम 6:39 बजे फोन कर पांच करोड़ की रंगदारी मांगी है। धमकी देने वाले ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताया है। पूर्व विधायक ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के अलावा खुफिया विभाग व एसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।

व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर से आई धमकी

पूर्व विधायक ने बताया कि उन्हें व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर से धमकी भरा फोन आया है। आरोपी ने दो दिन में पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है। फोन पर बात होने के बाद ऑडियो मैसेज भी भेजा गया है। उन्होंने धमकी के बारे में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल को पत्र भी लिखा है।

आईजी सिमरदीप सिंह को दी शिकायत

रोहतक के एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया व आईजी सिमरदीप सिंह को भी इस संदर्भ में सूचित किया है। धमकी देने वाले आरोपी का फोन नंबर, ऑडियो मैसेज भी जिला पुलिस को भेजा है। उन्होंने खुद की व परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पूर्व विधायक ने पत्र में लिखा है कि वह अकेले इस गैंग की धमकियों के शिकार नहीं हैं। रोहतक के आभूषण व्यापारी हेमंत बख्शी से पांच करोड़, झज्जर व गोहाना के एक निजी क्लिनिक संचालक से दो करोड़ की रंगदारी मांगी जा चुकी है। आढ़तियों के प्रमुख कमल को भी धमकाया गया। यह सिलसिला बताता है कि प्रदेश में बदमाशों का खौफ लगातार बढ़ रहा है।

शिकायत पत्र में लिखा है कि वह वर्षों से सामाजिक कार्यों, खासकर लड़कियों के लिए गांवों से कॉलेज तक बस सेवा संचालित करते रहे हैं। शर्म की बात है कि जनता का प्रतिनिधि होकर भी मैं सुरक्षित पनाहगाह मांगने पर मजबूर हूं। ऐसे में आम नागरिक की सुरक्षा की क्या स्थिति होगी। उन्होंने कहा, हरियाणा जनसेवा पार्टी व राजनीतिक गतिविधियों में मेरी पत्नी व बेटा भी सक्रिय हैं। उन्हें भी जान का खतरा बढ़ सकता है।

पूर्व विधायक को धमकी देने का मामला संज्ञान में आया है। शिकायत चंडीगढ़ दी गई है। पूर्व विधायक को पुलिस सुरक्षा दी जाएगी। – सुरेंद्र सिंह भौरिया, एसपी रोहतक
PRIYA NEWSINDIA
Author: PRIYA NEWSINDIA