दौसा में डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत की कार को एक अन्य कार ने टक्कर मार दी। मामूली टक्कर के बावजूद मौके पर हड़कंप मच गया। हाईवे एस्कॉर्ट पुलिस जाप्ते ने दूसरी कार को रुकवाया और सदर थाना पुलिस को सूचना दी।

डेयरी एवं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के काफिले के दौरान आगरा रोड स्थित डेयरी परिसर में अचानक एक कार दुर्घटना हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में मंत्री पूरी तरह सुरक्षित रहे और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
मौके पर मौजूद हाईवे एस्कॉर्ट पुलिस जाप्ते ने दूसरी कार को रुकवाया और सदर थाना पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सदर थाना प्रभारी मुकेश चौधरी मौके पर पहुंचे और यात्रियों से जानकारी लेकर उन्हें थाने ले गए। टक्कर में यात्रियों की कार को मामूली नुकसान पहुंचा है।
कार में सवार यात्रियों ने बताया कि वे जयपुर से कानपुर जा रहे थे। आगरा रोड पर कई गाड़ियों का काफिला खड़ा था। उसी दौरान एक कार का गेट अचानक खुल गया, जबकि दूसरी ओर से एक पिकअप गुजर रही थी। इसी बीच उनकी कार खुले गेट से टकरा गई। यात्रियों का कहना है कि हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, बावजूद इसके पुलिस ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया।