जैतपुर थाना क्षेत्र के दरशिला चौकी अंतर्गत खाड़ा गांव में एक 25 वर्षीय नवविवाहिता की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान संगीता प्रजापति पत्नी माखन प्रजापति (25) के रूप में हुई है। महिला पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद शव को खलिहान में घास के नीचे छिपाने की कोशिश भी की गई।
शव खलिहान में मिला, रातभर पड़ा रहा मौके पर
परिजनों के अनुसार संगीता शुक्रवार शाम से लापता थी। जब देर तक वह घर नहीं लौटी तो खोजबीन शुरू की गई। तलाश के दौरान उसका शव घर से लगे खलिहान में घास के बीच छुपा हुआ मिला। इसके बाद परिजनों ने तत्काल जैतपुर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और दर्शिला चौकी टीम समय पर पहुंच गई, लेकिन एफएसएल टीम 13 घंटे बाद सुबह मौके पर पहुंची। तब तक शव पूरी रात वहीं पड़ा रहा, जिसे देखकर परिजनों में भारी आक्रोश रहा।
झगड़े के बाद हत्या होने की आशंका
पुलिस जांच में सामने आया कि संगीता घर पर ही थी और उसके साथ सास और जेठ भी मौजूद थे। शुक्रवार शाम संगीता का जेठ के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मामला हत्या में बदल गया।
पुलिस इसी एंगल पर काम कर रही है और संदिग्ध परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस बोली — जल्द होगा खुलासा
जैतपुर थाना प्रभारी जियाउल हक ने बताया कि:
-
एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है
-
कई परिजन संदेह के घेरे में
-
पूछताछ जारी है
-
जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी होगी
मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जैतपुर अस्पताल भेजा गया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।