वृंदावन कोतवाली पुलिस ने सुनरख मार्ग स्थित शराब की दुकान पर हंगामा करने और एसएसआई को फोन पर धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गोरक्षक और यूट्यूबर दक्ष चौधरी समेत पांच लोगों को ऋषिकेश से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर गोरक्षकों के समर्थकों की सक्रियता बढ़ने से पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।

गिरफ्तारी की पुष्टि के बाद सोशल मीडिया पर गर्म माहौल
दक्ष चौधरी और अन्य गोरक्षकों के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गिरफ्तारी की जानकारी साझा की। इसके बाद गोरक्षक डॉक्टर प्रकाश सिंह ने एक वीडियो जारी करके लोगों से कोतवाली पहुंचकर समर्थन देने की अपील कर दी।
इसी के बाद पुलिस अलर्ट हो गई और कोतवाली क्षेत्र में कई थानों का अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया कि पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।