तरनतारन का कुख्यात अपराधी राजा बिल्ला सोमवार सुबह अमृतसर देहात के रईया इलाके में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में ढेर हो गया। कुछ दिनों पहले ही उसने रईया के गांव धुलका में एक दुकानदार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी, और रकम न देने पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से ही वह पुलिस से बचता फिर रहा था।
पुलिस ने इस केस में उसके एक साथी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जो मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया था और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।
डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि सोमवार तड़के पुलिस को यह सूचना मिली कि राजा बिल्ला रईया क्षेत्र में छिपा हुआ है और किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के बाद पुलिस टीमों ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को चारों ओर से घिरता देख बिल्ला ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।