मऊ जिले के चर्चित घोसी विधानसभा से सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन हो गया। उनका इलाज लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। उनके निधन की जारी उनके बेटे डॉक्टर सुजीत सिंह ने दी है।
विस्तार
67 साल की उम्र में सुधाकर सिंह का निधन हुआ। शुरुआती जानकारी मिली है कि 17 नवंबर को दिल्ली में मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी के रिसेप्शन से लौटने के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें मंगलवार को इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया था। लखनऊ के मेदांता अस्पताल में गुरुवार सुबह उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली।
उनके बेटे सुजीत सिंह ने बताया कि विधायक सुधाकर सिंह की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। स्वास्थ्य में गंभीर गिरावट आने के बाद उन्हें मंगलवार को इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया था। मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही थी, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
उनके बेटे सुजीत सिंह ने बताया कि विधायक सुधाकर सिंह को हार्ट की समस्या थी। 2022 में पेसमेकर लगा था। उन्होंने बताया कि मुख्तार अंसारी के बेटे और सदर विधायक अब्बास अंसारी के छोटे भाई उमर अंसारी के रिसेप्सन में शामिल होने के लिए यह दिल्ली गए थे।
अखिलेश सिंह यादव ने दी श्रद्धांजलि
सुधाकर सिंह एक अनुभवी राजनेता थे और उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। घोसी विधानसभा क्षेत्र में उनकी गहरी पैठ थी और वे अपने क्षेत्र के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन से न केवल उनके परिवार को बल्कि उनके समर्थकों और पार्टी को भी एक बड़ी क्षति हुई है।