Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में रविवार की रात सीजन की सबसे ठंडी, 16 नवंबर तक साफ रहेगा मौसम

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में 16 नवंबर तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। ताबो में माइनस पांच डिग्री तक रात का तापमान पहुंच गया है।

हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में माैसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन ठिठुरन लगातार बढ़ रही है। हिमाचल प्रदेश में रविवार की रात इस सीजन में सबसे ठंडी रात रिकॉर्ड हुई। कांगडा, मंडी, सोलन और हमीरपुर का न्यूनतम पारा शिमला से भी कम पहुंच गया है। रविवार रात को हिमाचल प्रदेश के 19 स्थानों में न्यूनतम तापमान दस डिग्री से कम रिकॉर्ड हुआ। ताबो में माइनस पांच डिग्री तक रात का तापमान पहुंच गया है। कुकुमसेरी और कल्पा का पारा भी माइनस में चल रहा है।
सोमवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धूप खिली रही। धूप खिलने के बावजूद प्रदेश में कहीं भी 30 डिग्री तक अधिकतम तापमान नहीं पहुंचा। ऊना में सबसे अधिक 28 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश में 16 नवंबर तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। सोमवार सुबह और शाम के समय सुंदरनगर और बिलासपुर में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। राजधानी शिमला में भी सुबह-शाम के समय ठंड काफी बढ़ गई है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
