
इजरायल ने गाजा सिटी को पूरी तरह से तबाह कर दिया है। लगातार हो रही बमबारी के बीच लोग भागने को मजबूर हैं। लोग पलायन कर रहे हैं इसी बीच 4 इजरायली सैनिक भी मारे गए हैं। इजरायली सेना ने बताया कि गाज़ा के दक्षिणी इलाके रफाह में सड़क किनारे बम विस्फोट हुआ, जिसमें चार सैनिक मारे गए और तीन घायल हो गए. वहीं इजरायली पीएम नेतन्याहू बिना हमास के खात्मे के युद्ध बंद नहीं करना चाहते हैं।मारे गए इजरायली सैनिकों की पहचान 26 साल के मेजर ओमरी चाई बेन मोशे (त्ज़ाफ्रिया), 23 साल के लेफ्टिनेंट एरन शेलेम (रमात योहानन), 22 साल के लेफ्टिनेंट एतान अवनेर बेन इत्ज़हाक (हार ब्राखा) और 20 साल के लेफ्टिनेंट रॉन एरियली (हादेरा) के तौर पर हुई है। एक रिपोर्ट कहती है कि इजरायली सेना के एक अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि सेना का अनुमान है कि मध्य गाजा शहर में 2,000 से 3,000 हमास आतंकवादी हैं, और लगभग 40 प्रतिशत निवासी छोड़कर दक्षिण में चले गए हैं.