वाराणसी जिले के रामनगर क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच हुई मारपीट की घटना में घायल चंदन चौहान (26) की मंगलवार सुबह ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना बीते शुक्रवार की है, जब गोलाघाट वार्ड में सामान रखने को लेकर दो पड़ोसियों में विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट में बदल गया।

परिवार और मोहल्ले वालों के मुताबिक, मृतक चंदन को विपक्षी ने बैट और डंडे से गंभीर रूप से घायल किया था। बचाव के दौरान उसकी मां और पत्नी को भी पीटा गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस हीलाहवाली कर रही है।
चंदन की मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों लोग थाने पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाना परिसर में धरना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजन और मोहल्ले के लोग थाने में धरना जारी रखे हुए थे।



