फतेहपुर जिले के तपनी गांव में धर्म परिवर्तन और निकाह के विरोध पर किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोपी शोएब खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त को आरोपी ने हिंदू किशोरी को जंगल में पकड़कर धर्म परिवर्तन और निकाह का दबाव बनाया। किशोरी के विरोध करने पर वह उसे बाग में घसीट कर दुष्कर्म कर गया।

घटना की शिकायत पुलिस को बाद में मिली। एसपी के आदेश पर 6 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज की गई। ललौली प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह और हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार चतुर्वेदी की संयुक्त टीम ने मंगलवार भोर याकूबपुर पुलिया के पास आरोपी को घेर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने खुद को घिरा देखकर फायरिंग की, जिसमें बचाव में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान शोएब बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तमंचा और 900 रुपये बरामद किए।
मौके का निरीक्षण सीओ प्रगति यादव ने किया। उन्होंने बताया कि आरोपी को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इसके बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।



