अलीगढ़। जिले के अकराबाद थाना क्षेत्र के गांव रोहिना सिंहपुर में बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मंगलवार सुबह एक पुराने मकान की दीवार भरभरा कर गिर गई। उसी समय गली में खेल रहा दो वर्षीय कार्तिक, दीवार के मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

कैसे हुआ हादसा
ग्रामीणों ने बताया कि दिल्ली में रहने वाले राहुल पुत्र विजय कुमार के पुराने मकान की दीवार 3 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे अचानक गिर गई। ठीक उसी वक्त गली में बहादुर सिंह का बेटा कार्तिक खेल रहा था। दीवार का मलबा उसके ऊपर गिर पड़ा और बच्चा दब गया।
इलाज जारी
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकाला और परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।