
पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बीआरएस से निलंबित की गई के कविता ने आज हैदराबाद में पार्टी और एमएलसी पद छोड़ने का एलान किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरा निलंबन पूरे बीआरएस को नियंत्रित करने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने अपने चचेरे भाई हरीश राव और संतोष राव पर भी गंभीर आरोप लगाए। दोनों पर हमला तेज करते हुए उन्होंने कहा कि चचेरे भाई हरीश राव और संतोष राव के भ्रष्टाचार के कारण केसीआर के खिलाफ सीबीआई जांच हो रही है।
भाई केटीआर को किया आगाह
इस दौरान कविता ने अपने भाई रामा राव को दोनों से बचकर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चचेरे भाई शुभचिंतक नहीं हैं। साथ ही निलंबित बीआरएस नेता ने पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर राव से अनुरोध किया कि वे अपने आसपास क्या हो रहा है, इस पर नजर रखें।
भारत राष्ट्र समिति पार्टी से निलंबित होने पर के. कविता ने कहा कि मैं अपने पिता से अनुरोध कर रही हूं कि वे अपने आसपास के पार्टी नेताओं की जांच करें। मैंने स्पष्ट रूप से अपनी बात रखी और उनसे अपने शब्दों पर विचार करने का अनुरोध किया।
रेवंत रेड्डी पर लगाए आरोप
प्रदेश के सीएम रेवंत रेड्डी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी और हरीश राव ने कथित तौर पर हमारे परिवार को नष्ट करने की योजना बनाई थी। रेवंत रेड्डी को इसका जवाब देना चाहिए। रेवंत रेड्डी ने केवल मेरे परिवार के सदस्यों, केटीआर और केसीआर के खिलाफ मामला दर्ज किया, लेकिन हरीश राव के खिलाफ नहीं।
कालेश्वरम परियोजना में अनियमितता के आरोपों पर उन्होंने कहा कि जब कालेश्वरम परियोजना शुरू हुई उस समय हरीश राव सिंचाई मंत्री थे, और रेवंत रेड्डी ने उनके खिलाफ कुछ नहीं कहा। हरीश राव और संतोष राव कथित तौर पर हमारे परिवार और पार्टी को नष्ट करने की योजना बना रहे हैं। हरीश राव पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वे हमारे शुभचिंतक नहीं हैं, बल्कि एक ‘बबल शूटर’ हैं। उन्होंने विधानसभा चुनावों में केसीआर और केटीआर के खिलाफ काम करने के लिए पैसे दिए थे।