बरेली में सितंबर माह की शुरुआत तेज बारिश के साथ हुई। जिले में पहले ही दिन 125 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रविवार रात से शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह तक जारी रही।

बरेली में अगस्त महीने में झमाझम बारिश ने चार साल बाद नया रिकॉर्ड बनाया। 385 मिमी बारिश से शहरवासी तरबतर हुए। मौसम विभाग ने सितंबर में भी सामान्य से ज्यादा बारिश का अनुमान जताया है। मानसून की सक्रियता से सितंबर के पहले ही दिन 125 मिमी बारिश दर्ज की गई। आधी रात से मूसलाधार बारिश शुरू हुई। सोमवार को सुबह 11 बजे तक बारिश का क्रम नहीं थमा। सुबह शहर की सड़कों पर सैलाब जैसे हालात नजर आए। बारिश के कारण डीएम के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कक्षा एक से आठवीं तक के सभी स्कूलों में सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया।

रविवार को दिनभर बादल मंडराते रहे। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 29.9 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री कम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाम पांच बजे के बाद हल्की और तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा। रात में मूसलाधार बारिश हुई। मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।




साल —- बारिश (मिमी)
2012 में 220
2013 में 258
2014 में 181
2015 में 260
2016 में 301
2017 में 291
2018 में 198
2019 में 211
2020 में 310
2021 में 340
2022 में 290
2023 में 264
2024 में 307
2025 में 385