पंजाब में बरसात से नदियां उफान पर हैं। दरिया किनारे बसे गांव जलमग्न हो गए हैं। माैसम विभाग के मुताबिक पंजाब में फिलहाल बारिश से राहत नहीं मिलेगी। विभाग ने 31 अगस्त तक पंजाब में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है।

पंजाब में लगातार बरसात और बांधों से लगातार पानी छोड़े जाने से हालात बिगड़ने लगे हैं। सड़कें बह जाने की वजह से कई गांवों का संपर्क कट चुका है। घरों को नुकसान पहुंचा है। लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंच रहे हैं। वहीं लोगों को जान माल की चिंता सता रही है। हजारों एकड़ भूमि, फसलें, नदियों के किनारे बसे गांव डूब चुके हैं।
गुरदासपुर के बुगना, गहलरी, नौशहरा, बाऊपुर, मंसूरा आदि गांवों में घरों में छह-छह फुट तक पानी भर गया है। लोग घरों की छतों पर फंसे हैं।

सेना, एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

पंजाब सरकार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। साथ ही राहत और बचाव कार्य जारी रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे जमीनी स्तर पर डटे रहने के आदेश दिए गए हैं।



गांव रायेपुर मैदार में भाखड़ा डैम के पीछे गोबिंद सागर झील में बना ऐतिहासिक बाबा गरीब दास मन्दिर पानी से घिर चुका है। मन्दिर में आने वाले श्रद्धालुओं को नाव में बैठा कर मंदिर के दर्शन करवाने के लिए ले जाया जा रहा है। गोबिंद सागर झील का जलस्तर 1665 फीट पंहुचने पर यह मन्दिर ढाई से तीन फुट तक पानी से घिर जाता है। इसे देखने के लिए लोग दूर दराज से यहां पंहुच रहे हैं।