
शहर के लिंबायत क्षेत्र में रवि आशीष अपार्टमेंट में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपती की ज्यूस पीने के बाद तबीयत बिगड़ने पर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी का इलाज चल रहा है। घटना में बुजुर्ग व्यक्ति की मौत फूड प्वॉइजनिंग के कारण होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शहर के लिंबायत क्षेत्र में रवि आशीष अपार्टमेंट में रहने वाले राजेंद्र रामेश्वर लखोटिया व उनकी पत्नी मंजुलाबेन सेवानिवृत्त जीवन जी रहे थे। बुजुर्ग दंपती की एक बेटी भी है। गुरुवार शाम राजेंद्र लखोटिया और उनकी पत्नी मंजुला ने लौकी, गाजर और चुकंदर का ज्यूस पीया। बाद में दंपती की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से रामेश्वर भाई को आगे के इलाज के लिए नई सिविल अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। जहां रात करीब नौ बजे उनकी मौत हो गई। जबकि मंजुला का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, रामेश्वरभाई की मौत फूड प्वॉइजनिंग के कारण होने की आशंका जताई गई हैं। चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम किया और रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण सामने आने की बात कही है। फिलहाल लिंबायत पुलिस मामला दर्ज कर घटना की जांच में जुटी है।
रिपोर्टर आशीष शुक्ला प्लानेट न्यूज़ सूरत गुजरात इंडिया
Author: planetnewsindia
8006478914