तहसील परिसर में सोमवार को एसडीएम शिवप्रकाश यादव की अध्यक्षता में जनता दरवार का आयोजन किया गया। जिसका संचालन तहसीलदार डॉली यादव ने किया। जनता दर्शन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बाई इलाकों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
जनता दर्शन का आयोजन सुबह दस बजे से दोपहर बारह बजे तक किया गया। निर्धारित समय पर तहसील परिसर में ग्रामीणों ने राजस्व, भूमि विवाद, रास्ते, नाली, जलभराव, विद्युत तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के सामने दर्ज कराईं। एसडीएम शिवप्रकाश यादव ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान कराया जाना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से उनकी समस्याओं से संबंधित आवश्यक जानकारी भी ली, ताकि मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई की जा सके। तहसीलदार डॉली यादव ने भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान तहसील परिसर में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


