
मशहूर ब्रिटिश सिंगर ओलिविया डीन पर साहित्यिक चोरी का आरोप लगा है। यह आरोप उनके गाने ‘आई हैव सीन इट’ (I’ve Seen It) को लेकर लगाया गया है। इसे लेकर वे कानूनी मुसीबत में घिर गई हैं। ओलाविया पर आरोप है कि उन्होंने बिल विथर्स के गाने ‘जस्ट द टू ऑफ अस’ की नकल की है। सिंगर ओलिविया डीन पर एक म्यूजिक पब्लिशर ने आरोप लगाया है कि ‘आई हैव सीन इट’ गाने में बिल विथर्स के 1981 के मशहूर गाने ‘जस्ट द टू ऑफ अस’के कुछ हिस्सों की नकल की गई है।
ओलाविया के खिलाफ मुकदमा दायर
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ के अनुसार, मैटी म्यूजिक ग्रुप ने गुरुवार को कैलिफोर्निया में एक मुकदमा दायर किया। इसमें आरोप लगाया गया है कि डीन के 2025 के गाने और दिवंगत गायक के हिट गाने में काफी समानताएं हैं। बता दें कि विथर्स के म्यूजिक कैटलॉग के पब्लिशिंग अधिकार मैटी म्यूजिक ग्रुप के पास हैं।
पब्लिशर का दावा- दोनों गानों में समानता
‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ को मिले अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, पब्लिशर का दावा है कि दोनों गानों के बीच की समानताएं साफ और नजरअंदाज न की जा सकने वाली हैं। अपनी शिकायत में मैटी म्यूजिक ग्रुप ने तर्क दिया कि म्यूजिक के जो हिस्से एक जैसे थे, वे इतने ज्यादा मिलते-जुलते थे कि उन्हें महज इत्तेफ़ाक या स्वतंत्र रूप से बनाई गई रचना नहीं माना जा सकता।
