February 16, 2026

आग बुझाने के लिए खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई शव बुरी तरह जल चुके थे। कुछ शवों के केवल कंकाल ही शेष रह गए। मौके पर बॉडी पार्ट्स के टुकड़े बिखरे मिले, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने प्लास्टिक बैग में इकट्ठा किया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटनास्थल पर तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह मौजूद हैं और उन्होंने हादसे की जांच प्रारंभ कर दी है। भिवाड़ी एसपी और एडीएम के भी मौके पर पहुंचने की सूचना है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। प्रशासन ने घायलों को अस्पताल भिजवाया है और मामले में फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है।