
बाग वाला मोहल्ला में बारिश के बाद हुए जलभराव के बीच करंट लगने से 38 वर्षीय ओमप्रकाश की मौत के मामले में थाना शहर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 व 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने नगर परिषद, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की कथित लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शव का पोस्टमार्टम बुधवार को होगा।
पुलिस को दी शिकायत में पटेल नगर निवासी नवीन ने बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच सूचना मिली कि बाग वाला मोहल्ला में सोनू बादशाह चिकन शॉप के पास जलभराव के बीच बिजली के खंभे में करंट आने से ओमप्रकाश की मौत हो गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बरसात के बाद जलनिकासी नहीं होने से सड़क पर पानी भर गया था। वहीं, मौके पर हाईटेंशन लाइन, बिजली की केबल और मीटर बॉक्स भी काफी नीचे लगे हुए थे, जिससे हादसा हुआ।


