
अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। खासकर X (पहले ट्विटर) पर वह अपने पोस्ट को नंबर देने के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, कभी-कभी नंबरिंग में उनसे भी गलती हो जाती है और बाद में वह उसे ठीक भी कर देते हैं। हाल ही में अमिताभ बच्चन से ऐसी ही एक गलती हुई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर मजे लिए।
अमिताभ बच्चन ने अपनी गलती के लिए मांगी माफी
अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपने X पोस्ट की नंबरिंग में गलती कर दी। उन्होंने पोस्ट नंबर 5817 के बाद गलती से अगली पोस्ट को 5718, फिर 5719 और आगे इसी तरह नंबर कर दिया।
जब एक फैन ने अमिताभ बच्चन का ध्यान इस गलती की तरफ दिलाया तो उन्होंने तुरंत इसे ठीक किया। अभिनेता ने लिखा, ‘नंबरिंग में मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई, माफी चाहता हूं। 5817 के बाद इसे 5818, 5819 और 5820 होना चाहिए था।’
अमिताभ ने उस फैन का शुक्रिया भी अदा किया, जिसने उनकी गलती पकड़ी थी। उन्होंने लिखा, ‘मुझे सुधारने के लिए धन्यवाद EF सुनील’यहां अमिताभ ने ‘EF’ का इस्तेमाल अपने फैंस के लिए किया है, जिसका मतलब वह ‘एक्सटेंडेड फैमिली’ यानी अपना बढ़ा हुआ परिवार बताते हैं।
सोशल मीडिया पर शुरू हुआ मजाक
अमिताभ बच्चन के पोस्ट की नंबरिंग में हुई इस गलती के बाद एक्स पर लोगों ने तरह-तरह के मीम्स और GIF शेयर करना शुरू कर दिए।
- एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा कि ‘EF Sunil’ के योगदान को इंसानियत हमेशा याद रखेगी।
- वहीं एक यूजर ने मजाक में लिखा कि अमिताभ की गलती पकड़ने के बाद सुनील अपने व्हाट्सएप फैमिली ग्रुप में इसी बात को लेकर शेखी बघार रहे होंगे।
- एक यूजर ने मजाक में लिखा, ‘अच्छा हुआ आपने गलती मान ली, वरना मैं नंबर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाला था।’
- वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘गलती मानने और उसे सुधारने के लिए शुक्रिया सर। वरना पूरे देश में बहुत बड़ा प्रदर्शन हो जाता।’

वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन आखिरी बार तेलुगु फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ में नजर आए थे। वह फिलहाल इसके सीक्वल की शूटिंग कर रहे हैं। इसके अलावा वह तमिल फिल्म ‘वेट्टैयन’ में भी नजर आ चुके हैं।