
दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव की स्थिति है. इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अलर्ट जारी किया है.
देश की राजधानी दिल्ली में आज (शुक्रवार), 23 अगस्त को कुछ देर ऐसी बारिश हुई कि कई इलाके एक बार फिर जलमग्न हो गए हैं. बारिश के पानी में सड़कें डूब गईं हैं और वाहनों की रफ्तार थम गई है. हालांकि, मौसम की करवट से गर्मी में राहत मिली है. बता दें कि मौसम विभाग ने आज दिल्ली में तेज बारिश के आसार जताए थे. बारिश के बाद कई सड़कों पर जलभराव के कारण गाड़ियों की रफ्तार थमी है. अब ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है.
दिल्ली के इलाकों में ट्रैफिक जाम, रूट डायवर्ट
किंग्सवे कैंप चौक रेड लाइट पर एक बस के खराब होने के कारण हकीकत नगर से आजादपुर की ओर जाने वाले कैरिजवे में रिंग रोड पर यातायात प्रभावित है.
जीटीके डिपो के पास जलभराव के कारण यातायात प्रभावित है. ट्रैफिक को वजीराबाद की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है. यात्री एनपीएल की ओर पहुंचने के लिए रोड नंबर 51 का उपयोग कर सकते हैं.
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, यहां जानिए अपडेट
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 27 अगस्त तक मध्यम बारिश के आसार हैं. हालांकि, एक दिन यानी 24 अगस्त को बारिश की तादाद में कमी देखी जा सकती है.



