जनपद में सरकारी चावल की कालाबाजारी थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार की देर शाम सासनी में एसडीएम और पूर्ति निरीक्षक ने एक ट्रैक्टर में भरे सरकारी चावल के दो सौ बोरे पकड़ लिये। जिन्हंें टीम ने माल को सठिया के राशन डीलर के सुपुर्द कर दिया है।
बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम एसडीएम शिव प्रकाश यादव को सूचना मिली कि एक ट्रैक से सरकारी चावल को ट्रैक्टर में लोड किया जा रहा है। जिसे काला बाजारी को भेजा जाना है। सूचना को एसडीएम ने गंभीरता से लिया और पूर्ति निरीक्षक तथा पुलिस बल साथ लेकर साथ मौके पर पहुंच गये। और ट्रैक्टर में लदे दो सौ बोरे सरकारी चावल के पकड़ लिये। एसडीएम ने फौरी कार्रवाई करते हुए चावल के सभी बोरे सठिया के राशन डीलर को बुलाकर उसके सुपुर्द कर दिए। इसी बीच मौका पाकर े ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। अब पुलिस और प्रशासन की टीम राशन डीलरों के रिकार्ड को मिलाएगी।
मगर प्रशासन की इस कार्यवाही के बाद कालाबाजारी करने वाले राशन डीलरों में खलबली मची हुई है। उधर सूचना मिलते ही एडीएम प्रशासन प्रशांत तिवारी भी मौके पर पहुंच गये। ट्रैक्टर मालिक का पुलिस पता कर रही है। साथ ही यह पता किया जा रहा है कि सरकारी चावल किसका था। वहीं पुलिस प्रशासन काला बाजारी करने वाले माफियाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रही थी। एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने बताया कि दो सौ बोरे सरकारी चावल को पकड़ा है। माल को एक राशन डीलर के सुपुर्द कर दिया गया है। मुकदमे की तैयारी की जा रही है। जो भी लोग इसमें संलिप्त है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

