मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक्सप्रेसवे, मेट्रो, आरआरटीएस और हवाई सेवाओं के विस्तार से उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ करने का प्रस्ताव पारित किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक के बाद प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि अयोध्या में 500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ है।
2017 के बाद यूपी में विकास को मिली गति
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मीय संबंध है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, लेकिन डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा उत्तर प्रदेश को प्राथमिकता दी है और प्रदेश सरकार इसके लिए उनकी आभारी है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में एक्सप्रेसवे, हाईवे, क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और मेट्रो का संचालन हो रहा है। जेवर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विकास सहित हवाई सेवाओं के विस्तार से एयर कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
लॉजिस्टिक हब के रूप में उभर रहा प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे के कारण उत्तर प्रदेश लॉजिस्टिक हब के रूप में उभरा है। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण इकाई और पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क जैसी परियोजनाएं औद्योगिक विकास को बढ़ावा दे रही हैं। इससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।




