Kaun Banega Crorepati 18: क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में सारा अली खान और आयुष्मान खुराना पहुंचे। इस दौरान दोनों सितारों ने बिग बी से कई दिलचस्प बातचीत भी साझा कीं।

आयुष्मान खुराना और सारा अली खान जल्द ही फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आएंगे। दोनों सितारे इस स्पाई कॉमेडी फिल्म का प्रमोशन करने अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में पहुंचे। इस दौरान अमिताभ बच्चन ने आयुष्मान की खूब तारीफ की। वहीं, सारा अली खान और बिग बी के बीच शेरों शायरी की जुगलबंदी देखने को मिली।
अमिताभ बच्चन ने आयुष्मान की तारीफ में क्या कहा?
बिग बी ने फिल्म ‘गुलाबो सिताबो’ में आयुष्मान खुराना के साथ काम करने का किस्सा शेयर किया। आयुष्मान की तारीफ में अमिताभ बच्चन ने कहा, ‘हमने इनके साथ एक फिल्म की थी ‘गुलाबो सिताबो’। बहुत ही तैयारी करके ये आते थे। हमको लाइन याद करने में तकलीफ होती थी। एक तो हमें बूढ़ा बना दिया। डायरेक्टर ने कहा कि पूरी पिक्चर में आपको झुककर चलना है तो वैसे ही हम अपनी लाइन भूल रहे थे। मगर, इनमें इतना धैर्य था कि ‘चलो यार बुढ़ऊ है, थोड़ा समय दे देते हैं। इनकी तरफ से कहीं भी गलती नहीं देखिएगा, इतना सुंदर अभिनय था इनका’।
बिग बी से अपने लिए तारीफ के ये शब्द सुनकर आयुष्मान खुराना मुस्कुराने लगे और शुक्रिया की मुद्रा में हाथ जोड़ने लगे।

