उच्च प्राथमिक विद्यालय छौंक, में सासनी विज्ञान क्लब के तत्वावधान में वन्य जीव सप्ताह के अवसर पर वन्य जीव संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सासनी विज्ञान क्लब के समन्वयक डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाध्यापक विमलेश सेंगर ने की। मुख्य अतिथि अरुण कुमार शुक्ला, डायरेक्टर शुक्ला क्लासेस, अलीगढ़ तथा मुख्य वक्ता नेहा ओझा रहीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गांव में वन्य जीव जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
मंगलवार को सासनी विज्ञान क्लब के समन्वयक डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि वन्य जीव प्रकृति के पारिस्थितिक संतुलन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। यदि वन्य जीवों और उनके प्राकृतिक आवासों का संरक्षण नहीं किया गया तो इसका सीधा प्रभाव पर्यावरण और मानव जीवन पर पड़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे वन्य जीवों के प्रति संवेदनशील बनें और अपने आसपास के लोगों को भी इनके संरक्षण के लिए जागरूक करें। प्रभारी प्रधानाध्यापक विमलेश सेंगर ने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति प्रेम, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से वन्य जीव संरक्षण का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘जंगल की शेर’ नाटक रहा, जिसके माध्यम से वन्य जीवों के संरक्षण और जंगलों के महत्व का प्रभावशाली संदेश दिया गया। मुख्य वक्ता नेहा ओझा ने विद्यार्थियों को वन्य जीवों की उपयोगिता और जैव विविधता के महत्व के बारे में जानकारी दी। मुख्य अतिथि अरुण कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ प्रकृति और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में अनन्या, अद्विका, मोहित, विमल, भुवनेश, आयुषी, रिजवाना, वंश, हर्षित, लवकुश, मयंक, जानवी आदि का सराहनीय सहयोग रहा।
