ग्राम कोटा (पंचायत नगला पदू, ब्लॉक मुरसान) में रविवार को ‘मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना’ के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम प्रधान योगेश कुमार, पूर्व प्रभारी वी. के. शर्मा और विशन सिंह ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर 30 प्रशिक्षार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी नि:शुल्क प्रशिक्षण किट प्रदान की गई। पूर्व प्रभारी वी. के. शर्मा ने ग्रामीणों को योजना से जुड़कर अपनी प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं पूर्व प्रभारी विशन सिंह ने अचार, मुरब्बा, शरबत और फल जूस संरक्षण की बारीकियों की जानकारी दी, ताकि ग्रामीण इसे अपनाकर खुद का व्यवसाय शुरू कर सकें।

केंद्र प्रभारी योगेश्वरी ने विभागीय योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि योजना के तहत ग्रामीण स्तर पर इकाई लगाने पर सरकार द्वारा 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। उन्होंने महिलाओं व युवाओं को समूह बनाकर कार्य करने की सलाह दी। कार्यक्रम में उपस्थित डीआरपी लक्ष्मी नारायण ने ‘PMFME’ और ‘उद्योग नीति 2023’ की जानकारी देते हुए बताया कि मशीनरी आदि की खरीद पर 35 प्रतिशत (अधिकतम 10 लाख रुपये) का अनुदान उपलब्ध है। कार्यक्रम का सफल संचालन केंद्र प्रभारी योगेश्वरी द्वारा किया गया, जिसमें संजय चौधरी का विशेष सहयोग रहा।




