मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में रोडवेज बस ने ईको वाहन को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही दो बाइकों में टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक पर सवार बागपत के पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो भाइयों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मुजफ्फरनगर के बड़ौत मार्ग पर भैसाना गांव में हादसे की वजह रोडवेज की रफ्तार रही। बड़ौत से निकलते ही बस को तेज दौड़ाया गया। बुढ़ाना से निकलते ही चालक ने ईको से आगे निकलने के चक्कर में रफ्तार बढ़ा दी। रफ्तार में रोडवेज जीत गई लेकिन हादसे में दो बाइक पर सवार पांच जिंदगियां हार गई। अपनों का इंतजार कर रहे बेबस परिवार आंसू बहा रहे हैं।
बड़ौत डिपो से मुजफ्फरनगर के लिए रोडवेज बस दोपहर दो बजे 32 यात्रियों को लेकर चली थी। लगभग पौने तीन बजे बस बुढ़ाना पहुंची। अधिकतर सवारियां बुढ़ाना में ही उतर गई थी। यहां से बस में मुजफ्फरनगर के लिए 17 यात्री सवार हुए।
भैसाना तक पहुंचने में परिचालक ने सात सवारियों के टिकट ही बने थे। इस बीच रोडवेज चालक ने आगे चल रही ईको को ओवरटेक करने के चक्कर में रफ्तार बढ़ा दी। काफी दूर तक रोडवेज और ईको बराबर चलते रहे। बस आगे निकली लेकिन एन वक्त पर सामने की तरफ से आ रही दो बाइकों में टक्कर मार दी। हादसा होते ही जोर का धमाका हुआ। बस में सवार यात्री चीख पुकार मचाने लगे।
भैसाना के अनवार ने बताया कि वह अपनी चारपाई पर बैठे हुए थे। दूर से ही बस अनियंत्रित नजर आई। बाइकों में टक्कर मारने के बाद चालक ने बस को एक साइड में रोका और उतरकर भाग गया। यात्रियों ने बताया कि चालक बड़ौत से ही तेज रफ्तार से चल रहा था। कई बार दूसरे वाहनों से टकराने से भी बचा।
कांपने लगी सवारियां… मदद के लिए आया भैसाना
हादसे के बाद बस में सवार यात्री कांपने लगे। जोर का धमाका हुआ तो इधर-उधर खड़े लोगों की नजर भी घटनास्थल पर गई। राहगीरों ने अपने वाहन रोक लिए। भैसाना में अपने घरों के पास खड़े लोगों ने शोर मचाया। गांव के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए।
पुलिस और एंबुलेंस को कॉल की गई। इस बीच चालक बस को रोककर फरार हो गया। बस के यात्री नीचे उतरे। भयावह हादसे से यात्री कांपने लगे। बस की टक्कर से बाइक सवार दूर जाकर गिरे चार
परिचालक ने एआरएम को बताई हादसे की वजह
खतौली के एआरएम राकेश कुमार हादसे के बाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस के परिचालक से संपर्क किया और हादसे की वजह पूछी। परिचालक ने बताया कि आगे चल रही ईको को ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ है।
ओवरटेक करते समय रोडवेज बस ने दो बाइक में मारी टक्कर, पांच की मौत
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर बुधवार को दोपहर में बड़ौत डिपो की रोडवेज बस ने आगे चल रहे ईको वाहन को ओवरटेक करने के दौरान विपरीत दिशा से आ रही दो बाइकों में टक्कर मार दी। बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। एक बाइक पर सवार बागपत के पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
कांधला के चचेरे भाइयों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। मरने वाले ईंट भट्ठों पर मजदूरी करते थे। रोडवेज की बस बड़ौत से मुजफ्फरनगर के लिए चली थी। दोपहर में 3:15 बजे बुढ़ाना से निकलते ही भैसाना गांव के पास चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। तेज रफ्तार होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी।
शादी के कार्ड बांटने निकले थे साजिद
कांधला निवासी साजिद की दो बेटियों की शादी 18 सितंबर को होनी है। बुधवार को वह अपने चचेरे भाई इदरीश के साथ कार्ड बांटने मुजफ्फरनगर आए थे, यहां से लौटते समय बुढ़ाना में हादसा हो गया।
सोरम से लौट रहे थे बागपत के फरमान
बागपत के तमेलागढ़ी गांव के फरमान अपनी बेटी सुहाना और बहनोई मोमीन के साथ शाहपुर के सोरम गांव आए थे। दोपहर के समय रिश्तेदारी से लौटते समय परिवार भैसाना में हादसे का शिकार हो गया।