Free travel on Rakshabandhan: मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 27 अगस्त की सुबह से महिलाएं रोडवेज की बसों में अपने सहयोगी के साथ फ्री बस यात्रा कर सकती हैं। इस योजना का शुभारंभ हो गया है। यह सुविधा 29 अगस्त तक मिलेगी।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर योगी सरकार ने प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को फ्री बस यात्रा का बड़ा उपहार दिया है। इसके तहत महिलाएं आज 27 अगस्त की सुबह से 29 अगस्त तक अपने एक सहयोगी के साथ फ्री बस यात्रा कर सकेंगी। सुविधा का शुभारंभ बृहस्पतिवार सुबह से हो गया है। यात्रा के लिए उन्हें कोई भी किराया नहीं देना पड़ेगा।
रक्षाबंधन पर रोडवेज लखनऊ परिक्षेत्र 979 एसी व साधारण बसें चलाएगा। चारबाग से 111, अवध से 117, कैसरबाग से 142, रायबरेली से 170, हैदरगढ़ से 113, उपनगरीय से 88, बाराबंकी से पांच, आलमबाग से 90 बसें चलाई जाएंगी। गोरखपुर रूट पर 46, बहराइच रूट पर 16, दिल्ली के लिए 53, कानपुर के लिए 13, आजमगढ़ के लिए 36, देहरादून के लिए 17, हरिद्वार के लिए 12, वाराणसी के लिए 15, प्रयागराज के लिए 35, आगरा के लिए 20, रायबरेली के लिए 20 बसें चलेंगी। 50 बसें रिजर्व में रहेंगी।
रक्षाबंधन पर बस अड्डों पर भीड़ को देखते हुए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों व अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि चारबाग, आलमबाग और अवध बस अड्डे पर सुबह छह से दोपहर दो बजे, दोपहर दो से रात 10 बजे व फिर सुबह छह बजे तक के लिए तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगेगी।
रक्षाबंधन पर चार स्पेशल ट्रेनें आज से देंगी राहत
रक्षाबंधन पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे प्रशासन बृहस्पतिवार से चार स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता ने बताया कि चंडीगढ़-लखनऊ और दिल्ली-वाराणसी वाया लखनऊ स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। 04546 चंडीगढ़-लखनऊ स्पेशल चंडीगढ़ से 27 की शाम 7:40 बजे रवाना होकर अगली सुबह 9:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में 04545 लखनऊ-चंडीगढ़ स्पेशल 28 को दोपहर एक बजे लखनऊ से चलकर रात 2:10 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। 17 कोच वाली यह ट्रेन अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और हरदोई स्टेशन पर रुकेगी।
ट्रेन 04012 दिल्ली-वाराणसी स्पेशल 27 की रात 9:10 बजे दिल्ली से चलकर चारबाग सुबह 6:30 बजे और वाराणसी सुबह 11:45 बजे पहुंचेगी। वापसी में 04011 वाराणसी-दिल्ली स्पेशल वाराणसी से 28 की शाम 5:50 बजे चलकर चारबाग रात 12:01 बजे और दिल्ली अगली सुबह 10:20 बजे पहुंचेगी। 21 कोच वाली स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, सुल्तानपुर और जौनपुर सिटी होते हुए चलेगी। दोनों ट्रेनों में एसी, सामान्य श्रेणी के कोच रहेंगे।
रेलवे स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
चारबाग, लखनऊ जंक्शन सहित सभी रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी व आरपीएफ जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। अमौसी एयरपोर्ट पर बम निरोधक दस्ता व श्वान दल लगातार जांच कर रहा है। यात्रियों से अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचने की अपील की गई है।