गांव ऊसवा में आज सुबह डीजल इंजन की मरम्मत कर रहे करीब 60 साल के मिस्त्री की डीजल इंजन का पहिया टूट जाने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि इंजन मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, तथा घायल को उपचार के लिए चिकित्सालय भिजवाया है।
शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार गांव ऊसवा गांव निवासी रामकिशन पुत्र सियाराम डीजल इंजन की मरम्मत का काम करने के साथ कृषि कार्र भी करता था। मृतक के परिजनों के अनुसार, आज सुबह करीब छह बजे वह गांव में दीपक पुत्र रामबाबू के डीजल इंजन की मरम्मत करने गया था। बताते हैं कि डीजल इंजन मरम्मत के दौरान अचानक इंजन का पहिया तेज धमाके के साथ टूट गया। इसकी चपेट में आने से रामकिशन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में इंजन मालिक दीपक (32) भी घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घायलों को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रामकिशन की मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और रामकिशन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामकिशन अपने पीछे पांच संतानों को रोते बिलखते छोड़ गया हैं। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं रामकिशन के बेटे ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद इंजन मालिक ने काफी देर तक परिवार को घटना की जानकारी नहीं दी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है। आरोप है कि डीजल इंजन का व्हील पहले से ही चटका हुआ था, इसी वजह से मरम्मत के दौरान वह अचानक फट गया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS


