शहर के वरिष्ठ फिजिशियन डाॅ.एके सिंघल के बैंक खाते से करीब 60 लाख रुपये गलत तरीके से ट्रांसफर किए जाने का मामला सामने आया है। चिकित्सक के परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक 25 जनवरी से कोमा में चल रहे डॉक्टर की एफडी मार्च से जून के बीच तुड़वाई गईं और रकम उनके खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी गई।

इस पूरे मामले में बैंक कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। हार्ड एंड चेस्ट हॉस्पिटल पुराना रामघाट रोड, क्वार्सी निवासी डाॅ. हर्षदीप सिंघल ने न्यायालय के आदेश पर थाना क्वार्सी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप सगे बड़े भाई डॉ. अंकुर सिंघल पर है। शिकायत में कहा गया है कि उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक शाखा, अतराैली अड्डा में जमा एफडी को नियमों के विपरीत तुड़वाकर करीब 60 लाख रुपये उनके खाते में ट्रांसफर किए गए।
आरोप है कि जिस समय उनके पिता डॉक्टर एके सिंघल गंभीर हालत में कोमा में थे, उस दौरान उनके बैंक खाते से इतनी बड़ी रकम का लेनदेन किया गया। ऐसे में एफडी तोड़ने की अनुमति किस आधार पर दी गई और बैंक की ओर से किन दस्तावेजों के आधार पर रकम ट्रांसफर की गई। उन्होंने इस प्रकरण में बैंक के मैनेजर व कर्मचारियों से सांठगांठ का आरोप लगाया है।
सीओ सिविल लाइंस सर्वम सिंह ने बताया कि मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। बैंक रिकॉर्ड और लेनदेन से जुड़े दस्तावेज यह तय करने में अहम होंगे कि 60 लाख रुपये कब, किस प्रक्रिया के तहत और किन खातों में ट्रांसफर किए गए।




