
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल सासनी प्रखंड के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को के. एल. जैन इंटर कॉलेज के प्रांगण में अखंड भारत संकल्प दिवस का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं राष्ट्रभक्तिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और प्रबुद्धजनों को देश की सांस्कृतिक धरोहर एवं ऐतिहासिक सीमाओं के प्रति जागरूक किया गया।
शनिवार को समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्य दीपक जैन तथा मुख्य वक्ता बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक देवेंद्र चैधरी ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। अपने ओजस्वी संबोधन में मुख्य वक्ता देवेंद्र चैधरी ने युवाओं को राष्ट्र सेवा, देशभक्ति और चरित्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए श्नशामुक्त भारतश् के संकल्प को जीवन में उतारने का आह्वान किया। विशिष्ट वक्ता एवं बजरंग दल के विभाग संयोजक हर्षित गौड़ ने भारत के भौगोलिक और सांस्कृतिक इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्राचीनकाल में ईरान से इंडोनेशिया तक भारत की सीमाएं विस्तृत थीं। विदेशी षड्यंत्रों के कारण 1814 में नेपाल, 1914 में तिब्बत और 14 अगस्त 1947 को देश का पीड़ादायक विभाजन हुआ। विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने कहा कि सीमाओं के बंटवारे के बाद भी सभ्यता और सांस्कृतिक जड़ें आज भी जीवित हैं। वहीं, जिला संगठन मंत्री देवराज ने कहा कि 1947 की त्रासदी हमें देश की अखंडता, विविधता और आपसी भाईचारे को बचाकर रखने की सीख देती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने भारत की अखंडता और सांस्कृतिक सीमाओं की रक्षा का संकल्प लिया। मंच का सफल संचालन विहिप के प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने किया। इस अवसर पर योगेश वार्ष्णेय, जितेंद्र सिंह, अनिल शर्मा, सत्यम रावत, अंकित शर्मा, आशीष शेखावत, शीलू, अमन भार्गव और अंकुर जैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



